देशनवीनतमहादसा

अमरावती के सरकारी अस्पताल में भीषण आग, तीन नवजातों की मौत

ख़बर शेयर करें -

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में हुआ। आग लगने के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे NICU में एक वेंटिलेटर में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय NICU में कुल नौ नवजात भर्ती थे। आग का पता चलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य अस्पताल कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया। स्टाफ ने छह नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तीन बच्चों को नहीं बचाया जा सका। झुलसने के कारण उनकी मौत हो गई।

तीसरी मंजिल पर तीन NICU यूनिट

अमरावती जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर तीन नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट हैं। प्रत्येक यूनिट में 13 नवजातों के इलाज की क्षमता है। आग इनमें से एक यूनिट में लगी थी। NICU में सामान्य तौर पर कम वजन वाले, समय से पहले जन्मे या जन्म के बाद विशेष चिकित्सकीय निगरानी की जरूरत वाले नवजातों को रखा जाता है। ऐसे में आग की इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की बात सामने आई है। घटना की विस्तृत जांच के बाद ही आग के कारणों और लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Ad Ad