नैनीताल : 30 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, सतर्कता टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
भूमि की नाप-जोख के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप, शिकायत के बाद विजिलेंस ने बिछाया जाल
हल्द्वानी/धारी। नैनीताल जिले की तहसील धारी में तैनात एक पटवारी को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी पर शिकायतकर्ता की भूमि की नाप-जोख के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार धारी तहसील में तैनात पटवारी निर्मल बोरा पुत्र शेर सिंह बोरा, निवासी सुनकोट, धारी, नैनीताल और वर्तमान निवासी हल्द्वानी, शिकायतकर्ता से ग्राम मजीदा, तहसील धारी स्थित भूमि की नाप-जोख के एवज में पैसों की मांग कर रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर की। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर नैनीताल/हल्द्वानी के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई।
इसके बाद 26 सितंबर 2026 को सतर्कता टीम ने नियोजित कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पटवारी की गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग में भी हड़कंप की स्थिति है। सतर्कता अधिष्ठान ने आमजन से सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी शिकायत को टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराने की अपील की है।

