चम्पावत : केंद्रीय विद्यालय लोहाघाट के पारस सिंह बने जिला टॉपर
लोहाघाट/चम्पावत। केंद्रीय विद्यालय लोहाघाट के छात्र पारस सिंह ने सीबीएसई इंटरमीडिए बोर्ड परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद चम्पावत में प्रथम स्थान हासिल किया है। पारस की इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पारस सिंह ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़े बाराकोट के काकड़ गांव के मूल निवासी हैं। उनके पिता राजेंद्र सिंह एयरफोर्स से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में लोहाघाट के ठाड़ाढुंगा मोहल्ले में परिवार के साथ रह रहे हैं। पारस ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता एवं विद्यालय के शिक्षकों को दिया है। उन्होंने भविष्य में जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करने का लक्ष्य तय किया है। विशेष बात यह भी है कि पारस के बड़े भाई जतिन सिंह ने दो वर्ष पूर्व इसी विद्यालय से इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया था। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय के छात्र भावेश राय ने 91.02 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा तथा संचित राय ने 86.6 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के कुल 27 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे और सभी छात्र सफल रहे। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य एवं शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

