पूर्णागिरि यात्रा मार्ग होगा रोशन, स्ट्रीट लाइट परियोजना के लिए शासन ने जारी किए ₹2 करोड़
चम्पावत/टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा मार्ग को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तराखंड शासन ने ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट स्थापना परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹2 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
शासनादेश के अनुसार इस परियोजना के लिए पूर्व में ₹8.1037 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में घोषणा मद से स्वीकृत ₹5 करोड़ के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी ₹2 करोड़ की धनराशि जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर जारी की गई है।

परियोजना के पूरा होने के बाद ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग पर आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था स्थापित होगी, जिससे लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को विशेषकर रात्रिकालीन आवागमन में अधिक सुरक्षा और सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र की आधारभूत अवसंरचना भी मजबूत होगी।
शासन ने निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कार्यदायी संस्था के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किया जाएगा तथा विस्तृत आगणन पर सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
इसके अलावा शासन ने निर्देशित किया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग वित्तीय नियमों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। परियोजना की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक तीन माह में प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन से प्राप्त प्रथम किश्त की धनराशि नियमानुसार कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराकर कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कराया जाएगा, ताकि मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को इसका शीघ्र लाभ मिल सके।

