स्कूल से लौट रही सात वर्षीय मासूम नदी में गिरी, डूबने से मौत
पुलिया पार करते समय बिगड़ा संतुलन, करीब 300 मीटर दूर मिला शव; हादसे से परिवार में मचा कोहराम
बागेश्वर। दुग-नाकुरी तहसील के भैरूचौबट्टा गांव के तिलाड़ी तोक में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम की नदी में बहने से मौत हो गई। बच्ची स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान पुंगर नदी पर बनी पुलिया पार करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह उफनती नदी में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार तिलाड़ी तोक निवासी गुड्डी पुत्री चंदन कुमार मंगलवार शाम स्कूल से घर लौट रही थी। बताया गया कि गुड्डी का इसी वर्ष प्राथमिक विद्यालय करुली में कक्षा एक में प्रवेश होना था। फिलहाल वह आंगनबाड़ी में पढ़ने जाती थी। घर लौटते समय वह अन्य बच्चों के साथ पुंगर नदी पर बनी पुलिया पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरी। मासूम के नदी में बहने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद करीब 300 मीटर दूर कालीघाट के पास नदी किनारे से बच्ची का शव बरामद किया गया। बेटी के नदी में बहने की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे के वक्त बच्ची की मां पूजा देवी जंगल में मवेशियों के लिए घास काटने गई थीं। बेटी की मौत की खबर सुनते ही वह सदमे में आ गईं। पिता चंदन कुमार और दादी देवकी देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि गुड्डी तीन बहनों में मझली थी। मासूम की दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बच्चों के आने-जाने वाले इस जोखिम भरे रास्ते और नदी पर बनी पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है।

