माँ पूर्णागिरी मेला क्षेत्र में एसपी रेखा यादव ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस कर्मियों को दिए मुस्तैद रहने के निर्देश
टनकपुर/चम्पावत। माँ पूर्णागिरी धाम के दर्शन हेतु उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए चम्पावत पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शुक्रवार, 01 मई को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मेला क्षेत्र ठुलीगाढ़ और ठुलीगाढ़ पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने मेले में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली को देखा और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना हमारी सबसे पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस बल को हिदायत दी कि किसी भी श्रद्धालु को दर्शन के दौरान परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। चूँकि यह क्षेत्र सीमावर्ती है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से एसपी ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने-जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी ढंग से चेकिंग की जाए ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। एसपी रेखा यादव ने कहा कि “माँ पूर्णागिरी मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा चम्पावत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेले के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।”

