लोहाघाट में संरक्षित देवदार के पेड़ों पर चली आरी, वन विभाग ने गिल्टे बरामद किए

लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट की निकटवर्ती ग्राम सभा फोर्ती की वन पंचायत के बाजू मणि क्षेत्र के घने जंगलों में लकड़ी तस्करी का मामला सामने आया है। अज्ञात तस्करों द्वारा संरक्षित प्रजाति के देवदार के 4 से 5 पेड़ों को काटने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार, बाजू मणि मंदिर के ऊपरी जंगल क्षेत्र में तस्करों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए पेड़ों पर आरी चला दी। कटे हुए पेड़ों के लट्ठे करीब 7 से 8 फीट लंबे थे, जिन्हें झाड़ियों के नीचे छिपाने का प्रयास किया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सरपंच और वन विभाग को सूचित किया। सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जंगल से 5 से 6 लट्ठे बरामद किए। वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) एनडी पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जंगलों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें और तुरंत सूचना दें, ताकि वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


