चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर के खेतखेड़ा गांव की बाढ़ सुरक्षा योजना को दी मंजूरी

ख़बर शेयर करें -

शारदा नदी से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए 6.82 करोड़ रुपये स्वीकृत, ग्रामीणों और कृषि भूमि को मिलेगी सुरक्षा

चम्पावत। जनपद चम्पावत के मैदानी क्षेत्र टनकपुर स्थित खेतखेड़ा गांव को शारदा नदी से होने वाले कटाव एवं बाढ़ के खतरे से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 6.82 करोड़ रुपये की लागत वाली बाढ़ सुरक्षा योजना को स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही कटाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

Ad Ad

स्वीकृत परियोजना के अंतर्गत शारदा नदी के दाहिने तट पर आवश्यक बाढ़ सुरक्षा एवं तट संरक्षण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से नदी के कटाव पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा तथा खेतखेड़ा गांव की आबादी, कृषि भूमि एवं स्थानीय आधारभूत संरचनाओं को बाढ़ एवं नदी कटाव से सुरक्षा मिलेगी। साथ ही ग्रामीणों के जीवन एवं आजीविका पर मंडराने वाला खतरा भी कम होगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री का जनपद चम्पावत के प्रति संवेदनशीलता एवं विकासोन्मुख दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों के क्रियान्वयन से न केवल ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि कृषि भूमि का संरक्षण होने से किसानों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में आधारभूत संरचना, आपदा न्यूनीकरण एवं जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। खेतखेड़ा बाढ़ सुरक्षा योजना भी इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जो क्षेत्र के सुरक्षित एवं सतत विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।