उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

ड्यूटी पर जा रहे युवक को बेकाबू डंपर ने कुचला, उपचार के दौरान मौत

ख़बर शेयर करें -

खटीमा/सितारगंज। उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भूड़ महौलिया निवासी 22 वर्षीय विशाल सागर पुत्र सुरेश कुमार सागर वर्तमान में उधम सिंह नगर में रहकर सितारगंज स्थित सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत थे। शुक्रवार तड़के वह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे।

Ad Ad


बताया जा रहा है कि जैसे ही विशाल की बाइक नया गांव सिसैयां के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर (UP25CT2426) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सितारगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रुद्रपुर रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, क्षेत्र में इस हादसे के बाद भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर डंपरों की लापरवाही के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।