जीजीआईसी टनकपुर में मधुमक्खियों का आतंक: छात्राओं समेत आधा दर्जन घायल, अस्पताल में भर्ती
टनकपुर/चम्पावत। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) टनकपुर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय परिसर में मधुमक्खियों के एक झुंड ने अचानक छात्राओं पर हमला कर दिया। इस हमले में छात्राओं को बचाने की कोशिश कर रहे विद्यालय के प्रधान सहायक समेत कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में छात्राएं अपनी कक्षाओं की ओर जा रही थीं, तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया। छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने के लिए विद्यालय के प्रधान सहायक मुकुल नाथ आगे आए, लेकिन मधुमक्खियों ने उन पर भी हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उप जिला चिकित्सालय लाया गया। अस्पताल के डॉक्टर नोनिहाल सिंह ने बताया कि मधुमक्खी के हमले से घायल हुए सभी लोगों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने राहत की खबर देते हुए कहा कि फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बनी हुई है और वे खतरे से बाहर हैं।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में निम्नलिखित लोग शामिल हैं:
मुकुल नाथ (39 वर्ष): प्रधान सहायक, निवासी नानकमत्ता।
हिमांशी (12 वर्ष): निवासी वार्ड नंबर 6, टनकपुर।
दिया (12 वर्ष): निवासी टनकपुर।
दिव्या (12 वर्ष): निवासी टनकपुर।
कविता (14 वर्ष): निवासी शारदा चुंगी।
बलवंत (50 वर्ष): निवासी पीलीभीत।
इस घटना के बाद से स्कूल के बच्चों और अभिभावकों में दहशत का माहौल है। विद्यालय प्रशासन ने परिसर में मौजूद छत्तों के निस्तारण के लिए उचित कदम उठाने की बात कही है।

