सरकारी अस्पताल की क्षतिग्रस्त दीवार भरभराकर गिरी, मलबे में दबे डॉक्टर, गंभीर हालत देख हायर सेंटर रेफर
बारिश से पहले ही कमजोर हो चुकी अस्पताल की दीवार गिरने से हादसा हो गया। निरीक्षण कर रहे चिकित्सा प्रभारी अचानक दीवार के मलबे में दब गए, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर करना पड़ा
नारायणबगड़/चमोली। चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बीते 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान मलबा आने से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को उसी दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान पहले से कमजोर और खोखली हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने बताया कि डॉ. डिमरी की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने हादसे पर चिंता जताते हुए अस्पताल परिसर में क्षतिग्रस्त भवनों और दीवारों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।

