नवीनतमनैनीताल

पत्नी के जन्मदिन पर घर आया था युवक, सुबह नहीं खुलीं आंखें; संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

ख़बर शेयर करें -

युवक पत्नी के जन्मदिन का सरप्राइज देने घर आए थे। ड्यूटी पर लौटने के लिए उठने का समय हुआ, लेकिन वह नींद से नहीं उठे। पत्नी ने जगाने का प्रयास किया तो शरीर में कोई हलचल नहीं थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया

लालकुआं/नैनीताल। पत्नी के जन्मदिन पर सरप्राइज देने हरिद्वार से घर आए एक युवक की शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर चिकित्सक इसे साइलेंट हार्ट अटैक का मामला मान रहे हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना से परिवार में शोक की लहर है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, हल्दूचौड़ के दीना डी क्लास क्षेत्र निवासी कमल आर्य (30) हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी में कार्यरत थे। उनकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी युवती से हुई थी। पत्नी के जन्मदिन पर उन्हें सरप्राइज देने के लिए कमल गुरुवार को विशेष रूप से छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात परिवार के साथ जन्मदिन मनाने के बाद कमल ने भोजन किया और सो गए। शुक्रवार सुबह उन्हें हरिद्वार ड्यूटी के लिए लौटना था। इसके लिए लालकुआं से सुबह छह बजे की ट्रेन पकड़नी थी।

सुबह अलार्म बजने के बावजूद जब कमल नहीं उठे तो उनकी पत्नी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। पत्नी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर डॉक्टर साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जता रहे हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। युवक की असामयिक मौत से परिवार और क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।