उत्तराखंड : सावधान! अगले 4 दिन बारिश और तेज हवाओं का डबल अटैक
देहरादून। उत्तराखंड में मॉनसून की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 जून को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। विभाग ने इन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
30 जून को कुमाऊं के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। एक जुलाई को नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदला हुआ रहने और तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें…खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में। भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों और नदी-नालों के किनारे जाने से भी परहेज करें, क्योंकि लगातार बारिश से जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें भी संभावित खराब मौसम को देखते हुए सतर्क हैं।

