टिहरी के बिलौंदी पुल बाजार में अचानक उफनाया नाला, दुकानों में घुसा मलबा, मची अफरा-तफरी
धनौल्टी/टिहरी। टिहरी जिले थत्यूड़ इलाके के थान भवान के पास बिलौंदी पुल बाजार पर अचानक बारिश होने से नाला उफना और भारी मात्रा में मलबा और बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबा घुसने कसे कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, मलबा आने से उत्तरकाशी-सुवाखोली-देहरादून मार्ग बंद हो गया। जिससे वाहनों की कतार लग गई।

जानकारी के मुताबिक आज शुक्रवार 15 मई को शाम करीब साढ़े 3 बजे के आसपास जोरदार बारिश हुई। जिससे बिलौंदी में नाला उफना गया। जिसके चलते बिलौंदी बाजार में छतों से पानी दुकानों के अंदर जा घुसा। साथ ही दुकानों के आगे मलबे का ढेर जमा हो गया। बारिश और मलबे से कुलवीर सिंह नकचवाल के भवन एवं दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रभावित दुकानदार ने बताया कि दुकान में मलबा घुसने से उनकी एजेंसी का ऑफिस व गोदाम में रखे करीब 200 से ज्यादा सीमेंट के कट्टों को भारी नुकसान पहुंचा है। साथ ही बिलौंदी पुल बाजार की अन्य दुकानों में भी मलबे के साथ पानी घुस गया। जिसके कारण काफी समय तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय राजस्व निरीक्षक के मुताबिक, घटना करीब शाम 3 बजे के आसपास की है। जहां नौघर गांव के नीचे अतिवृष्टि की सूचना मिली। इस घटना में बिलौंदी पुल बाजार में दो भवनों के अंदर मलबा घुस गया। साथ ही दुकानों के अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा मलबा आने से उत्तरकाशी-नगुन-सुवाखोली-देहरादून स्टेट हाइवे (SH 30) बाधित हो गया। थत्यूड़ थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। जेसीबी मशीन को बुलाकार मार्ग खोलने का काम जारी है। वहीं, मलबा आने से खिलाड़ी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। उधर, घटना में किसी तरह की जनहानि या घायल न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है।


