बड़ी खबर: पॉक्सो समेत गंभीर आरोपों के आरोपी व्यापारी नेता नरेश पांडे पुलिस हिरासत में
देर रात आवास से उठाया गया, छात्रा से यौन शोषण, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
भवाली/नैनीताल। नाबालिग छात्रा के यौन शोषण, दुष्कर्म, जबरन गर्भपात, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी जैसे गंभीर आरोपों का सामना कर रहे भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को मंगलवार देर रात पुलिस ने उनके आवास से हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाली एक छात्रा की शिकायत पर मल्लीताल कोतवाली में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका पहले निचली अदालत और बाद में उत्तराखंड हाईकोर्ट से भी खारिज हो चुकी थी। इसके बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा था।
मंगलवार देर रात आरोपी के घर पर होने की सूचना मिलने पर पुलिस की कई टीमें उसके आवास पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान नरेश पांडे सोशल मीडिया पर लाइव हो गया और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए स्वयं को निर्दोष बताया। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर अपने साथ चली गई।
लाइव प्रसारण के दौरान आरोपी ने पुलिस पर बिना वारंट कार्रवाई करने, परिवार के साथ दुर्व्यवहार करने और झूठे मुकदमे में फंसाने जैसे आरोप लगाए। उसने जहर पीने का दावा भी किया, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आरोपी जांच को प्रभावित करने और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान कुछ अन्य महिलाओं ने भी आरोपी के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

