चम्पावत में ‘VB-G RAM G’ योजना का शुभारंभ, ब्लाक प्रमुख ने किया गौशाला का शिलान्यास
चम्पावत। ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘VB-G RAM G’ का जनपद में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख अंचला बोहरा ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लाक प्रमुख अंचला बोहरा ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और काश्तकारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

कार्यक्रम के उपरांत क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने ग्राम पंचायत डंडा बिष्ट का दौरा कर योजना के तहत स्थानीय महिला काश्तकार कमला देवी की गौशाला निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने योजना के शुभारंभ पर केंद्र एवं राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, उप कार्यक्रम अधिकारी सहित विकास खंड के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


