चम्पावत : आपदा की चुनौतियों से निपटने के लिए SDRF ने दिया व्यवहारिक प्रशिक्षण
OPS Alert Exercise के तहत SSB और SDRF का संयुक्त अभ्यास, आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों का किया गया प्रदर्शन
चम्पावत। जनपद में वर्षाकाल के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा आयोजित OPS Alert Exercise के अंतर्गत टनकपुर के समवाय ठुलीगाड़ में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) द्वारा आपदा प्रबंधन एवं खोज-बचाव कार्यों से संबंधित एक दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संयुक्त अभ्यास के दौरान SDRF ने एक विशेष डेमो स्टेशन स्थापित कर प्रतिभागियों को आपदा प्रतिक्रिया में प्रयुक्त आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव की तकनीकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता को सुदृढ़ करना रहा।


प्रशिक्षण के दौरान SDRF की विशेषज्ञ टीम ने प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित निकालने, जीवन रक्षक तकनीकों, नदी एवं दुर्गम क्षेत्रों में रेस्क्यू, रस्सियों के माध्यम से सुरक्षित निकासी (रैपलिंग) सहित विभिन्न बचाव तकनीकों का सजीव प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को आपदा के दौरान धैर्य, समन्वय और त्वरित निर्णय क्षमता के महत्व से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास न केवल आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हैं, बल्कि वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने SDRF की व्यावसायिक दक्षता, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त प्रशिक्षण एवं अभ्यास नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर उप-महानिरीक्षक क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा सुधांशु नौटियाल, पंचम वाहिनी के कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम, उप-कमांडेंट (आसूचना) वैभव सिंह, सहायक कमांडेंट एवं समवाय प्रभारी ठुलीगाड़ खरात अजित सूर्यकांत, निरीक्षक कमलेश कुमार सहित सशस्त्र सीमा बल एवं SDRF के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

