शर्मनाक! पिथौरागढ़ में दूसरी बेटी होने पर पिता ने काटा बवाल, पुलिस ने सिखाया सबक
उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां आज के आधुनिक दौर में भी बेटियों को बोझ समझने वाली मानसिकता देखने को मिली। जिला अस्पताल में दूसरी बेटी के जन्म से नाराज एक कलयुगी पिता ने जमकर उत्पात मचाया। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हंगामा करने वाले युवक को हिरासत में लेकर पुलिस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ के दिग्तोली गांव निवासी युवक की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था। सोमवार को महिला ने बच्ची को जन्म दिया। पत्नी के साथ अस्पताल आए युवक को जैसे ही बेटी होने का पता चला वह नाराज हो गया। इसके बाद उसने हंगामा काटना शुरू कर दिया। इससे अस्पताल स्टाफ समेत अन्य तीमारदार सकते में आ गए। सूचना मिलते ही कोतवाली से पुलिसकर्मी महिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद युवक को शांत कराकर मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल में युवक के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने युवक का 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया। एक ओर जहां बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, दूसरी ओर बेटी पैदा होने पर पिता के हंगामा करने से लोग हैरान हैं।
तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्त हेमा थलाल का कहना है कि आज के दौर में बेटा-बेटी एक समान हैं। बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से भी बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे में बेटी पैदा होने पर एक पिता का हंगामा करना समाज की सोच को दर्शाता है। लोगों को इस तरह की सोच से बाहर निकलने की जरूरत है। सीओ पिथौरागढ़ गोविंद बल्लभ जोशी सीओ ने बताया कि अस्पताल में युवक के द्वारा हंगामा करने की सूचना मिली थी, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। नशे में हंगामा करने पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की और कोई तहरीर नहीं मिली है।

