आज टनकपुर में दशहरा महोत्सव में शामिल होंगे सीएम धामी, 4:30 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी, श्रीमद्भागवत कथा में भी करेंगे प्रतिभाग
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शनिवार को चम्पावत जिले के टनकपुर के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री गांधी मैदान में आयोजित दशहरा महोत्सव-2026 में प्रतिभाग करने के साथ ही श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और आयोजकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी अपराह्न 4:15 बजे देहरादून से प्रस्थान कर टनकपुर स्थित स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से 4:25 बजे कार द्वारा रवाना होकर 4:30 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां नवयुवक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दशहरा महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
नवयुवक रामलीला कमेटी के संस्थापक विशाल अग्रवाल ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम के तीसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कथा व्यास देवी दिव्यांशी किशोरी के मुखारविंद से कथा श्रवण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महोत्सव में प्रतिभाग करने के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:15 बजे गांधी मैदान से कार द्वारा खटीमा के नगला तराई स्थित अपने निजी आवास के लिए रवाना होंगे। उनके शाम 5:45 बजे वहां पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। आयोजकों ने क्षेत्रीय जनता से दशहरा महोत्सव और श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सहभागिता करने की अपील की है।

